घर में हुए सम्मानित तो खिलाड़ियों के चेहरे पर दिखी चमक

16 खिलाड़ियों को मिला राज्य का सर्वोच्च खेल सम्मान रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार
लखनऊ :  जकार्ता एशियाई खेल में सबसे कम उम्र में रजत पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज मेरठ के शार्दूल विहान और कांस्य पदक विजेता पहलवान मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान, जकार्ता एशियाई खेल में कांस्य और चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी वाराणसी के ललित कुमार उपाध्याय, ग्लास्गो राष्ट्रमण्डल खेल की कांस्य पदक विजेता लखनऊ की स्वाति सिंह और इंचियोन एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता मेरठ की अन्नू रानी सहित राज्य के 16 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मान रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया।
अवध शिल्प ग्राम में हुए इस समारोह में इस मौके पर पर्वतारोही लखनऊ की अरुणिमा सिन्हा का भी सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में प्रत्येक खिलाड़ी को 3.11 लाख रुपए की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र के साथ महिला खिलाड़ी को रानी लक्ष्मीबाई और पुरूष खिलाड़ी को लक्ष्मण जी की कांस्य प्रतिमा प्रदानकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक, उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, खेल मंत्री चेतन चौहान, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और सत्यदेव समेत तमाम हस्तियां मौजूद थीं।
लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों में लखनऊ की अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर स्वाति सिंह, राष्ट्रमंडल खेल गोल्डकोस्ट और जकार्ता एशियाई खेल में कांस्य विजेता पहलवान दिव्या काकरान, इंचियोन एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता मेरठ की जैवलिन थ्रोअर अन्नू रानी, तीरंदाज रितिका सिंह, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रयागराज की नमिता सेठ, वुशु खिलाड़ी विशाखा मलिक, हैण्डबाल खिलाड़ी तेजस्वनी सिंह सहित वेटरन वर्ग में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट को सम्मानित किया गया। अन्नू रानी के समारोह में न आने के चलते उनके भाई ने सम्मान ग्रहण किया।
वहीं पुरुषों में जकार्ता एशियाई खेल में सबसे कम उम्र में रजत पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज मेरठ के शार्दूल विहान, हॉकी खिलाड़ी वाराणसी के ललित कुमार उपाध्याय, अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी वाराणसी के विजय कुमार गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय धावक इलाहाबाद के अजय कुमार सरोज, अंतरराष्ट्रीय पहलवान बागपत के संदीप तोमर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले पहले भारतीय जिमनास्ट प्रयागराज के आशीष कुमार शामिल हैं। बुजुर्ग वर्ग में वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों में पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी झांसी के अब्दुल अजीज और अंतरराष्ट्रीय एथलीट अमरीश कुमार को सम्मानित किया।

लक्ष्मण पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ीः-

हॉकी: ललित कुमार उपाध्याय (वाराणसी), कुश्तीः संदीप तोमर (बागपत), शूटिंगः शार्दूल विहान (मेरठ), जूडोः विजय कुमार यादव (वाराणसी), एथलेटिक्सः अजय कुमार सरोज (प्रयागराज), जिम्नास्टिकः आशीष कुमार (प्रयागराज), वेटरन वर्गः हॉकी में अब्दुल अजीज (झांसी) और एथलेक्टिस में अमरीश कुमार (हापुड़)।

रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ीः-

कुुश्तीः दिव्या काकरान (मुज्जफरनगर), भारोत्तोलनः स्वाति सिंह (वाराणसी), तीरंदाजीः रितिका सिंह (बागपत), एथलेटिक्सः अन्नू रानी (मेरठ), सॉफ्ट टेनिसः नमिता सेठ (प्रयागराज), वुशूः विशाखा मलिक (मेरठ), हैण्डबालः तेजस्विनी सिंह (प्रयागराज), वेटरन वर्गः हॉकी में मंजू बिष्ट (लखनऊ)

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube