प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ब्रिटेन का शाही पद त्‍यागेंगे, जानिए- क्‍या है वजह

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी अमेरिकन पत्‍नी मेगन मार्केल ने शाही परिवार के वरिष्‍ठ का पद छोड़ने का निर्णय लिया है, जिस पर सभी हैरान हैं। हैरी और मेगन ने इस फैसले की घोषणा सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म पर की है। इस पोस्‍ट में प्रिंस हैरी और मेगन ने लिखा- वह अपने शाही परिवार के वरिष्‍ठ सदस्‍य के पद से अलग होने जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्‍होंने लिखा कि अब वह आर्थिक रूप से आजाद होने के लिए काम करेंगे। खबरों की मानें तो प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल ने इस निर्णय के बारे में क्‍वीन एलिजाबेथ द्वितीय से भी बातचीत नहीं की है।

प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा, ‘महारानी (एलिजाबेथ), कॉमनवेल्थ और सहायकों के प्रति अपने कर्तव्य का सम्मान करते हुए अब हम यूनाइटेड किंगडम और उत्तरी अमेरिका के बीच अपना टाइम बैलेंस करने की योजना बना रहे हैं।’ वहीं, बकिंघम पैलेस द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘हैरी और मेगन के साथ उनके निर्णय को लेकर बातचीत हुई, हालांकि ये चर्चा ‘शुरुआती स्तर पर’ थी। हम एक अलग दृष्टिकोण लेने की उनकी इच्छा को समझते हैं, लेकिन ये जटिल मुद्दे हैं जिनपर काम करने में समय लगेगा।’ इस बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि बकिंघम पैलेस भी प्रिंस हैरी के इस निर्णय से खुश नहीं हैं।

मई 2018 में हैरी और मेगन की शाही शादी हुई थी। इसकी काफी चर्चा पूरे विश्‍व में हुई थी। इसके बाद दोनों को ससेक्स के ड्यूक और डचेस का खिताब से नवाजा गया था। मई 2019 में कपल ने अपनी पहली संतान आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर को जन्म दिया था। हैरी और मेगन के निर्णय को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं, इनमें से एक प्रिंस विलियम के साथ हैरी के मनमुटाव को भी माना जा रहा है।

दरअसल, बीते साल प्रिंस हैरी ने अपने बड़े भाई प्रिंस विलियम से मीडिया में आई मनमुटाव की बातों को स्‍वीकार किया था। हालांकि, हैरी और मेगन ने बताया कि दोनों मिलकर एक चैरिटी खोलेंगे और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने की दिशा पर काम करेंगे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube