बठिंडा में पुलिस ने कार सवार दो तस्करों को दबोचा

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 6.5 किलो अफीम बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के अंतर्गत की गई। 

एसपी (सिटी) नरेंद्र सिंह, डीएसपी (सिटी-1) अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि 14 फरवरी को थाना कैनाल कॉलोनी के अंतर्गत चौकी वर्धमान की पुलिस पार्टी ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए बादल-बठिंडा रोड पर महाराजा रंजीत सिंह तकनीकी विश्वविद्यालय के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान बठिंडा-डबवाली रोड की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार (पीबी-29 एजी-3454) को रोका गया। 

कार सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर 4 किलो अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगसीर सिंह उर्फ सीरा निवासी घुम्मन कलां हाल आबाद वार्ड नंबर 6 भारत नगर, सिटी-2 मानसा और महिंदर सिंह निवासी गांव गिलकलां हाल आबाद जस्सी पौ वाली बठिंडा के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान जगसीर सिंह की निशानदेही पर 2.5 किलो और अफीम बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 6.5 किलो हो गई। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी जब्त किया है। 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी यह अफीम राजस्थान से लाकर पंजाब में सप्लाई करने की फिराक में थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है और पुलिस को कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार जगसीर सिंह के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं, जबकि महिंदर सिंह के खिलाफ कोई आपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube