भाजपा की आज द्वारका में विशाल जनसभा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे संबोधित

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आज दिल्ली के द्वारका में विशाल चुनावी जनसभा होने जा रही है। भाजपा के शीर्ष नेता, सबसे बड़े प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारका में होने वाली चुनाव जनसभा के मंच से राजधानी के मतदाताओं को बड़ा संदेश देंगे। यह जनसभा अपराह्न तीन बजे शुरू होगी। भाजपा ने एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा की जानकारी साझा की है।

भाजपा के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के रण में आज पार्टी के दूसरे बड़े नेता भी अलग-अलग स्थानों पर मतदाताओं से मुखातिब होंगे। केंद्रीयमंत्री नितिन गडकरी शाम पांच बजे शालीमार बाग और शाम सात बजे शाहदरा के बाबूराम स्कूल में जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र में शाम सात बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा 31 डी राजपुर चौक पर होगी।

इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 12 बजे मोतीनगर विधानसभा क्षेत्र, दोपहर दो बजे शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र, शाम चार बजे नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की कालीबाड़ी सब्जीमंडी, शाम छह बजे कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र के सादिकनगर और शाम सात बजे बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी आज दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर चुनाव रैली करेंगे। सैनी शाम पांच बजे तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार और सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र के जे ब्लाक में भाजपा की जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र में शाम छह बजे मानसरोवर पार्क मेट्रो स्टेशन के पास और रोहताश नगर विधानसभा क्षेत्र के मंडोली रोड में शाम सात बजे मतदाताओं के बीच होंगे। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम चार बजे चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के मजनू के टीला, शाम छह बजे बादली विधानसभा क्षेत्र और शाम सात बजे बुराड़ी में भाजपा की जनसभा को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube