भारत के आर्थिक सहयोग से नेपाल के डोटी में मल्टीपल स्कूल कैंपस की आधारशिला रखी गई

(शाश्वत तिवारी): नेपाल के डोटी जिले में सोमवार को भारत की वित्तीय सहायता से बनने वाले श्री केदार ज्योतिपुंज मल्टीपल स्कूल कैंपस की आधारशिला रखी गई। इस स्कूल कैंपस पर 2.89 करोड़ नेपाली रुपये खर्च होंगे।
काठमांडू स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा नेपाल-भारत विकास सहयोग के तहत भारत की लगभग 28.90 मिलियन रुपयों की वित्तीय सहायता से बनने वाले श्री केदार ज्योतिपुंज मल्टीपल कैंपस स्कूल भवन की आधारशिला रखी गई।

कैंपस की आधारशिला भारतीय दूतावास में द्वितीय सचिव प्रशांत सोना और बड़ेकेदार ग्रामीण नगर पालिका के अध्यक्ष भैरव बहादुर सऊद द्वारा संयुक्त रूप से रखी गई। भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा नेपाल-भारत विकास सहयोग के तहत भारत सरकार के अनुदान का उपयोग इस परिसर के लिए अन्य सुविधाओं के साथ दो मंजिला परिसर भवन के निर्माण के लिए किया जाएगा। यह परियोजना भारत और नेपाल सरकार के बीच एक समझौते के तहत एक उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (एचआईसीडीपी) के रूप में शुरू की जा रही है और बड़ेकेदार ग्रामीण नगर पालिका, डोटी के माध्यम से कार्यान्वित की जा रही है। यह परियोजना भारत और नेपाल के बीच बेहद मजबूत विकास साझेदारी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

इस दौरान बड़ेकेदार ग्रामीण नगर पालिका के अध्यक्ष ने नेपाल के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के उत्थान में भारत सरकार के निरंतर सहयोग की सराहना की। गौरतलब है कि भारत अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत हमेशा विभिन्न क्षेत्रों में नेपाल की मदद के लिए अग्रसर रहता है। हाल ही में नेपाल के रूपनदेही जिले में भारत की वित्तीय सहायता से निर्मित एक स्कूल और एक मल्टीपल कैंपस की इमारत का उद्घाटन किया गया था।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube