मार्च की शुरुआत में ही झुलसाने लगी गर्मी, पारा 39 डिग्री,सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा तापमान

मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंडक बनी हुई है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है और अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं। सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में दिन के समय लू जैसी तपिश महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहेगा।

कई संभागों में सामान्य से ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मार्च में पिछले साल की तुलना में तापमान ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। भोपाल, इंदौर और रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 से 2.7 डिग्री तक ज्यादा है। वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान 3.1 से 4.6 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में दिन का तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है।

रतलाम सबसे गर्म, कई शहर 38 डिग्री के पार
मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ा है। सोमवार को रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में तापमान 38 डिग्री या उससे ज्यादा रहा।बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन सबसे गर्म रहे, जहां पारा 37 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इन दिनों हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। इसके साथ ही हवा में नमी कम है और राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश में तापमान बढ़ा रही हैं।

मौसम बदलने से बढ़ रहीं बीमारियां
डॉक्टरों का कहना है कि मार्च का यह संक्रमणकालीन मौसम बीमारियों को बढ़ावा देता है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक के कारण लोग जल्दी बीमार पड़ते हैं। खासकर सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। चिकित्सकों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंडी हवा से बचने और खान-पान में सावधानी रखने की सलाह दी है।

मार्च में ही 40 डिग्री छू सकता है पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि असली गर्मी अप्रैल और मई में देखने को मिलेगी। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है और 15 से 20 दिन तक लू चलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube