मेघालय में भारत समेत 13 देशों ने किया सैन्य अभ्यास

मेघालय के उमरोई सैन्य स्टेशन में आयोजित 13 देशों का बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘प्रगति-2026’ शनिवार को समाप्त हुआ। हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच सैन्य सहयोग मजबूत करने के उद्देश्य से मेघालय में 18 से 31 मई तक आयोजित इस अभ्यास में 20 महिला सैनिक समेत 400 से अधिक सैनिकों ने हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि ‘पार्टनरशिप ऑफ रीजनल आर्मीज फार ग्रोथ एंड ट्रांसफार्मेशन इन द इंडियन ओशन रीजन’ (प्रगति) अभ्यास में भारत, भूटान, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, फिलीपींस, सेशेल्स, श्रीलंका और वियतनाम के सैनिक शामिल हुए। यह बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास का यह पहला संस्करण था।

अभ्यास में विभिन्न देशों की सेनाओं ने संयुक्त अभियानों के जरिये अपनी समन्वित युद्ध क्षमता और आतंकवाद रोधी कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में सेना के उपप्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ उपस्थित थे।

अभ्यास में भाग लेने वाले देशों के छह उप प्रमुखों समेत 40 से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भी शिरकत की। अभ्यास के निदेशक कर्नल संदीप पूनिया ने कहा कि प्रगति का अर्थ है ‘हिंद महासागर क्षेत्र में विकास और परिवर्तन के लिए क्षेत्रीय सेनाओं की साझेदारी’।

अभ्यास के दौरान भारतीय सेना ने फिक्की और आर्मी डिजाइन ब्यूरो के सहयोग से स्वदेशी रक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक सैन्य तकनीकों की प्रदर्शनी भी आयोजित की। इसमें आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत विकसित रक्षा प्रणालियों और अगली पीढ़ी के सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube