यास्तिका भाटिया-जेमिमा रोड्रिग्स के बाद नंदिनी के यादगार डेब्यू से भारत ने तोड़ा इंग्लैंड का तिलिस्म

यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार पारियों के बाद डेब्यूटंट नंदिनी शर्मा की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को इंग्लैंड को 38 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट खोकर 188 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी।

रोड्रिग्स ने 40 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली। भाटिया ने 40 गेंदों पर 54 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। इन दोनों के बाद अपना पहला मैच खेल रही नंदिनी ने तीन विकेट लेकर भारत की जीत पक्की की।

शुरुआत रही खराब

हालांकि, नंदिनी से पहले इंग्लैंड को क्रांति गौड़ ने झटके दिए और उसे अच्छी शुरुआत नहीं करने दी। उन्होंने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर सोफी डंकली को आउट किया जो 10 गेंदों पर 16 रन बना पाईं। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर क्रांति ने एलिसे कैप्सी को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने छह रन बनाए। इन दोनों के जाने के बाद हीथर नाइट और एमी जोंस की बीच साझेदारी हुई जिसे 101 के कुल स्कोर पर श्री चरणी ने तोड़ा। उन्होंने नाइट को आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। नाइट ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए।

एमी जोंस भारत के लिए खतरा बनती जा रही थीं। 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नंदिनी ने उन्हें आउट कर अपना पहला विकेट लिया और इंग्लैंड को हार की तरफ धकेलने की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने डानी गिब्सन (11), इसी वोंग (4) को आउट किया। सोफी एक्लेस्टन 13 रन बनाकर रन आउट हुईं। कप्तान चार्ली डीन 11 और लॉरेन बेल एक रन बनाकर नाबाद रहीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

भारत की तरफ से नंदिनी ने चार ओवरों में 34 रन देकर तीन विकेट लिए। क्रांति ने दो विकेट हासिल किए। श्री चरणी और दीप्ति के हिस्से एक-एक विकेट आया। ये इंग्लैंड की चेल्मसफोर्ड मैदान पर खेले गए मैच में सिर्फ तीसरी टी20 हार है।

रोड्रिग्स और भाटिया ने संभाली पारी

इससे पहले, भारत को भी अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी। इस मैच में कप्तानी कर रहीं स्मृति मंधाना बिना खाता खोले आउट हो गईं। शेफाली वर्मा भी दो रन बना सकीं। इन दोनों के विकेट लॉरेन बेल ने लिए। यहां से भाटिया और रोड्रिग्स ने भारत की पारी को संभाला। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की। भाटिया 14वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुईं। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर रोड्रिग्स भी आउट हो गईं।

ऋचा घोष चार रन ही बना सकीं। भारती फूलमाली के बल्ले से सात रन निकले। दीप्ति शर्मा ने अंत में 13 गेंदों पर नाबाद 22 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में इस बल्लेबाज ने चार चौके मारे। अरुंधति रेड्डी नौ रन ही बना सकीं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube