वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार होने वाला है खत्म, मैनचेस्टर में मिलेगा मौका; क्रिकेटर ने खुद किया खुलासा!

पूरा क्रिकेट जगत टकटकी लगाए वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार कर रहा है। आयरलैंड के खिलाफ उनको मौका नहीं मिला था और न ही इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में, लेकिन आज मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 में वैभव के इंटरेनशनल डेब्यू का इंतजार खत्म हो सकता है। इस बात के संकेत वैभव सूर्यवंशी ने खुद दिए हैं।

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की मांग लगातार उठ रही है। संजू सैमसन के फेल होने के बाद तो इसने और तूल पकड़ा है। हालांकि, विश्व क्रिकेट इस बात को लेकर दो भागों में बंटा हुआ है। एक धड़े का मानना है कि वैभव को डेब्यू का मौका मिलना चाहिए तो वहीं एक धड़ा मानता है कि अभी इसमें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

नया अध्याय

इन सभी चर्चा के बीच वैभव सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की है जिससे लग रहा है कि मैनचेस्टर में आज उनका डेब्यू हो जाएगा। वैभव ने अपनी इंस्टा स्टोरी में खुद की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा है, “न्यू चैप्टर”।

इसका अर्थ ये समझा जा रहा है कि आज वैभव टीम इंडिया के साथ डेब्यू करने के बाद अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू करने वाले है। टीम इंडिया के लिए खेलना भारत के हर क्रिकेटर का सपना होता है और वैभव का भी यही सपना है जिसे वो पूरा करने के काफी करीब हैं।

कोच ने कही थी अलग बात

मैच से एक दिन पहले शुक्रवार को टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए थे तो उन्होंने वैभव के डेब्यू को लेकर कहा था कि टीम इस मामले में किसी भी तरह की जल्दबाजी में नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा था कि टीम के पास अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन जैसे बल्लेबाज हैं।

मोर्केल ने कहा था, “मुझे लगता है कि हमें इस बात का सम्मान करना चाहिए कि हमारे पास टी20 के शानदार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं। संजू सैमसन वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। सैमसन ने आईपीएल में भी अच्छा किया था। कोचिंग स्टाफ के तौर पर ये वाजिब होगा कि हम विश्वास दिखाएं और खिलाड़ियों को सपोर्ट करें। हां, एक युवा खिलाड़ी तैयार है और ये अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ शीर्ष के दो बल्लेबाजों के लिए ही नहीं बल्कि पूरी टीम के लिए ये जरूरी है कि हम सपोर्ट दिखाएं।”

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube