श्रीलंका ने वेस्टइंडीज के घर में 1-0 से जीती वनडे सीरीज, किंग्स्टन में लगातार दूसरा मैच बारिश से धुला

किंग्स्टन में लगातार दूसरे वनडे में बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच तीसरा और आखिरी वनडे बिना एक भी गेंद फेंके रद हो गया। इस वजह से श्रीलंका ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

पहला मैच श्रीलंका ने 41 रन से जीता था। अंपायरों ने कई बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन बारिश की वजह से तीसरा वनडे मैच भी बिना कोई गेंद खेले ही रद किया गया।

23 साल बाद कैरेबियन में जीती सीरीज

बारिश ने तीसरे वनडे मैच में खलल डाला, लेकिन श्रीलंकाई टीम ने वेस्टइंडीज पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। श्रीलंका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-0 से अपने नाम की और ये 23 साल बाद हुआ, जब उन्होंने वेस्टइंडीज में कोई वनडे सीरीज जीती है। आखिरी बार 2003 में उन्होंने वनडे सीरीज यहां जीती थी।

नए हेड कोच गैरी कर्स्टन और नए वनडे कप्तान कुसल मेंडिस के लिए ये अच्छी शुरुआत है। मेंडिस ने कहा, “सीरीज जीतकर बहुत खुश हूं। हमने पहले मैच में तीनों डिपार्टमेंट में अच्छा किया। अगले साल वर्ल्ड कप से पहले ज्यादा मैच नहीं हैं। कप्तान के तौर पर पहली सीरीज जीत से खुश हूं। स्टाफ का भी सपोर्ट मिला।”

वेस्टइंडीज को मिली हार

वेस्टइंडीज की टीम के लिए ये वनडे सीरीज गंवाना बेहद ही निराशाजनक रहा, क्योंकि पहले वनडे मैच में मिली हार का बदला लेने का उन्हें तो मौका ही नहीं मिला। तीन साल में घर पर ये उनकी पहली सीरीज हार है।

सबसे बड़ी बात ये है कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए डायरेक्ट क्वालिफाई करने के जरूरी रैंकिंग प्वाइंट्स भी नहीं मिले। वेस्टइंडीज अभी वनडे रैंकिंग में 10वें नंबर पर है और टॉप-8 में आने वाली टीमें सीधे वर्ल्ड कप खेलेंगी। अब वेस्टइंडीज को न्यूजीलैंड और भारत से वनडे सीरीज खेलनी है।

टी20 सीरीज पर दोनों टीमें करेगी फोकस

श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें टी20 पर फोकस करेंगी। तीन मैचों की टी20 सीरीज गुरुवार, 11 जून से शुरू होगी। बाकी मैच 13 और 14 जून को होंगे। तीनों टी20 मैच भी किंग्स्टन के सबीना पार्क में ही खेले जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube