एशेज़ टेस्ट सीरीज़ के पहले मुकाबले को बड़े अंतर से जीतने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने कई आलोचकों को गलत साबित कर दिया है जिन्हें लगता था कि इस सीरीज़ की प्रबल दावेदार इंग्लैंड है. एशेज़ के पहले मुकाबले में मेज़बान विश्व विजेता इंग्लैंड की हार के बाद अब सीरीज़ में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले उन्नीस माना जा रहा है. लेकिन अब दूसरे मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कोच जस्टिन लैंगर ने कहा है कि उन्हें लॉडर्स मैदान पर खेले जाने वाले एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में पाटा (सपाट) विकेट मिलने की उम्मीद है. एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट बुधवार से शुरू हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच जीत सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है. लॉडर्स में ऑस्ट्रेलिया का इंग्लैंड के खिलाफ रिकार्ड अच्छा रहा है. लैंगर ने कहा, “विकेट काफी अच्छी होगी. मुझे विकेट को देखकर ऐसा लग रहा है कि यह पाटा विकेट है. जब आप लॉडर्स आते हैं तो विकेट आखिरी चीज होती है जो आप देखते हैं वहीं दूसरे मैदानों पर आप सबसे पहले विकेट को देखते हैं, लेकिन यहां काफी कुछ है. मुझे यहां आना पसंद है. विकेट पर चाहे घांस हो या विकेट सूखी हो, हमारे पास अच्छे विकल्प हैं. एक कोच और चयनकर्ता के तौर पर यह मेरे लिए अच्छी बात है.”