
दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क ने साल 2026 के अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा बनाए रखने के लिए अपनी तिजोरी खोल दी है।
चुनाव अभियान से जुड़े वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, मस्क अब तक लगभग 366 मिलियन डॉलर खर्च कर चुके हैं। इसमें से 276 मिलियन डॉलर की भारी-भरकम राशि अकेले जुलाई के बाद से दान की है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस भारी राजनीतिक चंदे के साथ मस्क इस चुनावी दौर के सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता बन गए हैं। खास बात यह है कि मस्क ने फंड ऐसे समय में जारी किया है, जब अमेरिकी संसद के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट पर डेमोक्रेट्स की वापसी की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
मस्क के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव?
इस चुनावी चक्र में मस्क के अपने व्यावसायिक और राजनीतिक हित भी सीधे तौर पर दांव पर लगे हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता स्पेसएक्स के सीईओ के रूप में मस्क को मिले सरकारी ठेकों की जांच की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ ही, राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के प्रशासन में मस्क द्वारा संभाले गए सरकारी दक्षता विभाग के कामकाज को लेकर भी विपक्षी नेता उन पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में संसद पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बने रहना मस्क के लिए बेहद सुरक्षित माना जा रहा है।
कहां और कितने पैसे दिए?
मस्क के सुपर पीएसी के प्रवक्ता ने चुनावी खर्च के इन आंकड़ों की पुष्टि की है। 1 जनवरी 2025 से शुरू हुए इस चुनावी चक्र में मस्क के खर्च का जुलाई से दी गई 27.6 करोड़ डॉलर की राशि में से सबसे बड़ा हिस्सा 158 मिलियन डॉलर सीनेट लीडरशिप फंड फंड को मिला। यह सुपर पीएसी सीनेट में रिपब्लिकन सांसदों को जिताने का काम करता है, जो सीनेट में बहुमत के नेता जॉन थून से जुड़ा है।
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन से जुड़े कांग्रेस लीडरशिप फंड प्रतिनिधि सभा के सुपर पीएसी को 20 मिलियन डॉलर दिए गए।
मस्क के खुद के सुपर पीएसी अमेरिका पीएसी को 76 मिलियन डॉलर मिले। यह संगठन सात प्रमुख बैटलग्राउंड स्टेट्स और लगभग तीन दर्जन सीटों पर रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार में जुटा है।
मस्क ने लोन स्टार लिबर्टी पीएसी को 10 मिलियन डॉलर दिए, जो टेक्सास में सीनेट सीट के लिए लड़ रहे अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन का समर्थन कर रहा है। इसके अलावा 10 मिलियन डॉलर रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन को और 2 मिलियन डॉलर रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल एसोसिएशन को दिए गए हैं।
क्या हैं पिछले चुनावों का खर्च?
रिपोर्ट्स के अनुसार, मस्क ने कुछ ऐसे संगठनों को भी अज्ञात रूप से भारी चंदा दिया है जो अपने दानदाताओं के नाम सार्वजनिक नहीं करते हैं। इस चक्र में खर्च किए गए कुल पैसों में से लगभग 90 मिलियन डॉलर का इस्तेमाल पिछले चुनावों के बकाए कामों और अन्य मुद्दों पर हुआ।
इसमें विस्कॉन्सिन सुप्रीम कोर्ट के लिए लड़े गए एक असफल चुनाव का खर्च और एक विवादित योजना भी शामिल थी, जिसके तहत अभिव्यक्ति की आजादी और बंदूक रखने के अधिकार का समर्थन करने वाली याचिका पर हस्ताक्षर करने वाले पंजीकृत मतदाताओं को 1 मिलियन डॉलर दिए गए थे।
गौरतलब है कि मस्क ने पिछले आम चुनाव चक्र में भी करीब 290 मिलियन डॉलर खर्च किए थे, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को हराकर राष्ट्रपति चुनाव जीता था।
बर्नी सैंडर्स ने एलन मस्क पर साधा निशाना
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन करने के लिए 36.6 करोड़ डॉलर खर्च करने पर उद्योगपति एलन मस्क की तीखी आलोचना की है। सैंडर्स ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के चुनाव अभियान का समर्थन करने के बाद से मस्क की संपत्ति में हुए भारी इजाफे की ओर इशारा करते हुए इसे कुलीनतंत्र करार दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सैंडर्स ने लिखा कि मस्क ने ट्रंप को जिताने के लिए पहले 290 मिलियन डॉलर खर्च किए थे, जिसका उन्हें बड़ा फायदा मिला। चुनाव के बाद से उनकी संपत्ति 696 अरब डॉलर बढ़ गई और वह दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन गए।
सैंडर्स ने कहा कि मस्क अब संसद पर रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा बनाए रखने के लिए 366 मिलियन डॉलर खर्च कर रहे हैं। मस्क को रोकें। इस रईस-वर्ग को रोकें।
क्या हैं रिपब्लिकन पार्टी के सामने चुनौतियां?
यह भारी-भरकम राजनीतिक खर्च ऐसे समय में किया जा रहा है जब रिपब्लिकन उम्मीदवारों को जनता के बीच महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत और डोनल्ड ट्रंप की कम होती अप्रूवल रेटिंग से जुड़ी चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर, डेमोक्रेटिक पार्टी सरकार विरोधी माहौल का लाभ उठाकर अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर फिर से नियंत्रण हासिल करने की पुरजोर कोशिश कर रही है।



