चारधाम में नए रिकॉर्ड , पहला चरण सुपरहिट – सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा का पहला चरण एकदम सुपरहिट रहा है। अब दूसरे चरण में भी भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सीएम ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, राज्य और जिला स्तर के बड़े अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इस साल चार धाम यात्रा नए रिकॉर्ड बना रही है और सीएम धामी खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों की बात करें तो बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में इस बार सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी है। अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ और रिकॉर्ड 8.41 लाख भक्त गंगोत्री के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, यमुनोत्री पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा 7.5 लाख है, जबकि 15.57 लाख लोगों ने केदारनाथ में मत्था टेका है। CMO के अनुसार, इस सीजन में अब तक कुल 53,23,401 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल इसी समय तक यह आंकड़ा करीब 46 लाख था। अभी यात्रा सीजन खत्म होने में करीब डेढ़ महीना बाकी है, ऐसे में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब को लेकर भी भक्तों में गजब का उत्साह है। यहां दर्शन करने वालों की संख्या 3,52,765 पहुंच गई है, जो पिछले कई सालों में सबसे ज्यादा है। सीएम धामी के निर्देश पर पूरी यात्रा की कड़ी निगरानी की जा रही है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। CMO ने बताया कि रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।राज्य सरकार का कहना है कि बड़े अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि यात्रा बिना किसी रुकावट के सुरक्षित तरीके से चलती रहे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me