8 दिसंबर को भारत बंद में किसानों का देगी साथ AAP, संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग

आम आदमी पार्टी आठ दिसंबर के भारत बंद में किसानों का साथ देगी। आप के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के देश भर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से किसानों का साथ देने की अपील की है। यह जानकारी देते हुए आप के दिल्ली संयोजक व कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि केंद्र सरकार का ढुलमुल रवैया किसानों को परेशान कर रहा है।

गोपाल राय ने कहा कि किसान कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं और केंद्र सरकार कानूनों के फायदे गिना रही है, जो बहुत ही निराशाजनक है। उन्होंने इस तुरंत वापस लेने की मांग की।

सांसद भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने रविवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि  किसान आंदोलन अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है। 8 दिसंबर को सभी किसान संगठनों ने भारत बंद का फैसला लिया है। आम आदमी पार्टी इसे समर्थन देती है। हम पंजाब में भी पहले से ही किसानों के संघर्ष में शामिल हैं। हम सभी राजनीतिक पार्टी और लोगों से अपील करते हैं कि इस भारत बंद का समर्थन करें।

भगवंत मान ने कहा कि सरकार अहंकारी, अड़ियल और टालमटोल रवैये से चल रही है। नियत साफ हो तो इतनी बैठक की आवश्यकता नही है। बैठक इतनी देर से इसलिए चलती है क्योंकि मंत्री को फैसला लेने का अधिकार नही है, उन्हें किसी और से आदेश लेना होता है।

आप ने की संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग

उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए और इन तीनों कृषि कानून को वापस लिया जाए। मान ने कहा कि मैं कृषि मंत्री से कहना चाहूंगा कि कानून वापस ले लो। सरकार ये समझ ले जितने दिन सरकार लगाएगी उतनी भीड़ बढ़ती जाएगी। किसान पीछे हटने वाले नही हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube