फिल्म एवं टीवी कलाकार हिमानी भट्ट शिवपुरी नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में भाजपा के लिए प्रचार करेंगी

फिल्म एवं टीवी कलाकार हिमानी भट्ट शिवपुरी नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में भाजपा के लिए प्रचार करेंगी। हिमानी को भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। 

उनके अलावा विधायक पुष्कर धामी को भी इस सूची रखा गया है। इसके साथ ही भाजपा के स्टार प्रचारकों की संख्या अब 48 हो गई है। भाजपा ने 46 स्टार प्रचारकों की पहली सूची जारी की थी। 

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन के अनुसार निकाय चुनाव के लिए सभी स्टार प्रचारकों के प्रदेशभर में कार्यक्रम निर्धारित किए जा रहे हैं। डॉ. भसीन ने यह भी जानकारी दी कि भाजपा की प्रदेश चुनाव संचालन समिति की बैठक 31 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में होगी।

सजने लगी महफिलें, शुरू हुआ दावतों का दौर

निकाय चुनाव के मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने बिसात बिछानी शुरू कर दी है। गली-मोहल्लों में महफिलें सजने लगी हैं और दावतों का दौर भी शुरू हो गया है। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की पूरी कोशिश है कि किसी तरह से लोगों का भरोसा जीता जाए और प्रचार के लिए ताकत जुटाई जाए।

नामांकन और नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार अब सक्रिय हो चुके हैं। कल तक जो गली-मोहल्ले सुनसान दिखते थे, वह अचानक गुलजार नजर आने लगे हैं। प्रत्याशियों के करीबी और क्षेत्रवासी जगह-जगह एकत्रित होकर चुनावी समीकरणों पर चर्चा कर रहे हैं।

प्रत्याशियों के घर तो सुबह छह बजे से लेकर देर रात तक ऐसा नजारा है, मानों यहां कोई शादी-समारोह चल रहा हो। दिनभर उनके घरों में चाय-पकौड़ी की दावत हो रही है। प्रत्याशियों के परिजनों ने भी प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। 

इतना ही नहीं, बच्चों के बर्थडे से लेकर शादी की सालगिरह जैसे मौके खोजे जा रहे हैं। बहाने कोई भी हों, लेकिन मकसद सिर्फ लोगों को अपने पक्ष में मतदान करने को प्रेरित करना है। हालांकि, यह तो मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि इन दावतों और महफिलों का उन्हें कितना लाभ मिला। 

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube